शुक्रवार, 19 दिसंबर 2025

गौतमबुद्धनगर में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद 2025–26’ सफलतापूर्वक संपन्न।।

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद 2025–26’ सफलतापूर्वक संपन्न।।

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: गौतमबुद्धनगर, 19 दिसंबर 2025।
माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित विकसित भारत युवा संसद 2025–26 का जिला स्तरीय कार्यक्रम गुरु द्रोणाचार्य ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, ग्रेटर नोएडा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक चेतना और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय सदस्य, बिहार विधान परिषद डॉ. संजय मयूख रहे। उनके साथ पार्टी प्रवक्ता अनुरुद्ध प्रताप सिंह एवं अंतरराष्ट्रीय योग गुरु डॉ. दयाशंकर विद्यालंकार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्थान की निदेशक डॉ. संगीता मंगेश, रजिस्ट्रार डॉ. शैलेश सिंह, युवा संसद एवं एनएसएस समन्वयक डॉ. ममता भारद्वाज तथा माय भारत के उपनिदेशक शिवेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

गौतमबुद्ध नगर जिले से माय भारत पोर्टल के माध्यम से 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के 500 से अधिक युवाओं ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। जिला स्तरीय सत्र में प्रतिभागियों ने “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” विषय पर तथ्यपरक, तर्कसंगत एवं विचारोत्तेजक प्रस्तुतियां दीं।

प्रतियोगिता में अनिरुद्ध त्यागी ने प्रथम, वेदांत व्यास ने द्वितीय तथा हर्षिता दरगन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चयनित प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय युवा संसद में भाग लेंगे, जिसका आयोजन विधानसभा में किया जाएगा। इसके पश्चात राज्य स्तर से चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर की युवा संसद, जो भारतीय संसद में आयोजित होगी, में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मुख्य अतिथि डॉ. संजय मयूख ने कहा कि आपातकाल से मिले सबक लोकतंत्र की रक्षा की सामूहिक जिम्मेदारी का बोध कराते हैं। युवा संसद आलोचनात्मक सोच और संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करती है। जागरूक और सक्रिय युवा ही विकसित भारत की आधारशिला हैं।

अनुरुद्ध प्रताप सिंह ने कहा कि लोकतंत्र तभी सुरक्षित रहता है जब नागरिक सजग हों। यह मंच युवाओं को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, संवाद और संवैधानिक समझ विकसित करने का अवसर देता है।
डॉ. संगीता मंगेश ने कहा कि युवा संसद संवाद, विचार-विमर्श और जवाबदेही को बढ़ावा देती है, जिससे अतीत की गलतियों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि सक्रिय नागरिकता ही लोकतंत्र को जीवंत रखती है और गौतमबुद्ध नगर के युवा इसके सशक्त संरक्षक हैं।

कार्यक्रम का समापन युवाओं से राष्ट्र निर्माण में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने के आह्वान के साथ हुआ।।