शुक्रवार, 10 अक्टूबर 2025

गोण्डा- धानेपुर पुलिस ने 5 मनचलों को जारी किये रेडकार्ड

शेयर करें:
गोण्डा- जिले की धानेपुर पुलिस ने 5 मनचलों को रेडकार्ड जारी किये है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत ने बताया की महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत जनपद में निरंतर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज थाना धानेपुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति एवं एण्टी रोमियो टीम के साथ मिलकर व्यापक कार्यवाही की है। थाना धानेपुर क्षेत्र में 5 मनचले अभियुक्तों को रेडकार्ड जारी कर सख्त चेतावनी दी गई। 
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया की महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन हेतु “मिशन शक्ति 5.0” अभियान की शुरुवात हुई है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के संबंध में जन-जागरूकता फैलाना है। उन्होंने बताया की जिले मे कार्यक्रम का आयोजन कर महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार की हिंसा या भेदभाव की स्थिति में तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन से संपर्क करने तथा आत्मरक्षा के प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कहा की जिले मे जगह जगह कार्यक्रम का आयोजन कर अधिकारियों द्वारा उपस्थित जनसमूह को महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देकर उनको सुरक्षा के उपाय बताये जा रहे है। इस दौरान सभी को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, एवं हेल्पलाइन सेवाओं सीएम हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, सायबर हेल्पलाइन 1930, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस हेल्पलाइन 112, एम्बुलेंस 102 (केन्द्रीय)/108 (राजकीय) आदि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया की पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति डेस्क स्थापित कर महिलाओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। बालिकाओ व महिलाओं ने प्रशासन के इस पहल की सराहना की है।