मंगलवार, 14 अक्टूबर 2025

गौतमबुद्धनगर:"16 अक्टूबर से गौतमबुद्धनगर में विशेष फार्मर रजिस्ट्री अभियान"!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर:"16 अक्टूबर से गौतमबुद्धनगर में विशेष फार्मर रजिस्ट्री अभियान"!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक :: गौतमबुद्धनगर, 14 अक्टूबर, 2025। शासन के निर्देशानुसार जनपद में 16 अक्टूबर 2025 से 15 नवम्बर 2025 तक किसानों के लिए विशेष फार्मर रजिस्ट्री अभियान आयोजित किया जाएगा। उप कृषि निदेशक गौतमबुद्धनगर, राजीव कुमार ने सभी किसानों को इस अभियान में भाग लेने के लिए जागरूक किया।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान प्रत्येक राजस्व ग्राम में कैंप आयोजित कर किसानों की रजिस्ट्री बनवाने का कार्य सुनिश्चित किया जाएगा। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं बनी है, वे अपने निकटतम जन सुविधा केंद्र पर जाकर इसे बनवा सकते हैं।

फार्मर रजिस्ट्री बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज:

  • आधार कार्ड
  • खतौनी
  • मोबाइल फोन

इसके अलावा, किसान कृषि विभाग के प्राविधिक सहायकों, राजस्व विभाग के लेखपाल और पंचायत विभाग के पंचायत सहायकों से भी संपर्क कर रजिस्ट्री बनवा सकते हैं।

उप कृषि निदेशक ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त केवल उन्हीं किसानों को मिलेगी जिनकी फार्मर रजिस्ट्री बन चुकी होगी, साथ ही अन्य राज्य और केंद्र की किसान कल्याण योजनाओं का लाभ भी सिर्फ रजिस्टर्ड किसानों को ही मिलेगा।

इसलिए सभी किसानों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द अपने दस्तावेजों के साथ जन सुविधा केंद्र या संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर फार्मर रजिस्ट्री बनवाएँ, ताकि शासन की सभी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सके।।