बुधवार, 24 सितंबर 2025

UPITS 2025 : निवेश, नवाचार और संस्कृति का महामंच, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उद्घाटन!!

शेयर करें:


UPITS 2025 : निवेश, नवाचार और संस्कृति का महामंच, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उद्घाटन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक :: ग्रेटर नोएडा/लखनऊ, 24 सितम्बर
उत्तर प्रदेश अब सिर्फ भारत का नहीं बल्कि दुनिया का निवेश, नवाचार और सांस्कृतिक केंद्र बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसी कड़ी में 25 सितम्बर से 29 सितम्बर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2025) का तीसरा संस्करण आयोजित होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महाआयोजन का शुभारंभ करेंगे।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परिकल्पना और मार्गदर्शन में आयोजित इस ट्रेड शो का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, कृषि, सांस्कृतिक और तकनीकी शक्ति को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करना है। यह आयोजन न केवल निवेशकों, उद्यमियों और स्टार्टअप्स को अवसर देगा बल्कि राज्य की विविध पहचान—क्राफ्ट, कल्चर और कुज़ीन—को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित करेगा।

अब तक की यात्रा और इस बार की भव्यता

2023 में आयोजित पहले संस्करण का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया था, जिसमें 1,914 प्रदर्शक और 400 विदेशी खरीदार शामिल हुए। दूसरे संस्करण का उद्घाटन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किया था, जिसमें 2,122 प्रदर्शकों और लगभग 5 लाख आगंतुकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान ₹2,200 करोड़ से अधिक के निर्यात ऑर्डर और ₹40 करोड़ की सीधी बिक्री हुई थी।


इस बार आयोजन और भी बड़ा है। इसमें 2,500 से अधिक प्रदर्शक, 500 विदेशी खरीदार और पांच लाख से अधिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है।

आयोजन के प्रमुख आकर्षण

  • ODOP मंडप (हॉल नं. 9) : 343 स्टॉल के माध्यम से उत्तर प्रदेश के हर जिले की विशेषता को दुनिया तक पहुँचाया जाएगा। भदोही के कालीन, फिरोजाबाद का कांच, मुरादाबाद का पीतल और सहारनपुर की लकड़ी कारीगरी मुख्य आकर्षण होंगे।
  • रूस पार्टनर देश : इस बार रूस ‘पार्टनर कंट्री’ होगा। 26 सितम्बर को रूस-भारत बिजनेस डायलॉग में दोनों देशों के नीति-निर्माता, उद्योगपति, वित्तीय संस्थान और शिक्षाविद शामिल होंगे। यह साझेदारी नए तकनीकी सहयोग और संयुक्त उद्यमों के लिए राह खोलेगी।
  • आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स पवेलियन : 200 वर्गमीटर क्षेत्र में एआई मॉडल का लाइव डेमो, कर्व्ड एलईडी वॉल, स्मार्ट डिस्प्ले, स्टार्टअप ज़ोन और वीआईपी लाउंज की सुविधा होगी। यह पवेलियन उत्तर प्रदेश को डिजिटल नवाचार और स्टार्टअप्स का हब के रूप में प्रस्तुत करेगा।
  • CM युवा योजना (हॉल 18A) : युवाओं और स्टार्टअप्स के लिए 150 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें फ्रेंचाइज़ मॉडल, एग्रीटेक, हेल्थटेक और तकनीकी नवाचार प्रदर्शित होंगे।
  • स्वाद उत्तर प्रदेश : 25 विशेष फूड स्टॉल जहां मुरादाबादी दाल, बनारसी पान-लस्सी, मथुरा का पेड़ा, खुरजा की खुरचन और अन्य पारंपरिक व्यंजन आगंतुकों को स्वाद का अनूठा अनुभव देंगे।
  • ज्ञान सत्र (Knowledge Sessions) : 26 से 28 सितम्बर तक विशेषज्ञ स्टार्टअप, आईटी-इलेक्ट्रॉनिक्स, स्वास्थ्य, बीमा, ई-कॉमर्स और स्किल डेवलपमेंट पर मार्गदर्शन देंगे।
  • MoU हस्ताक्षर : 27 सितम्बर को 27 प्रमुख शैक्षिक संस्थानों के साथ समझौते होंगे। छात्रों और पूर्व छात्रों को प्रोजेक्ट्स व स्टार्टअप्स से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
  • सांस्कृतिक महोत्सव : आयोजन केवल व्यापार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह उत्तर प्रदेश की आत्मा—उसकी संस्कृति—को भी सहेजेगा। भोजपुरी, अवधी, बुंदेली और थारू लोकनृत्य, सूफी संगीत, कथक और लाइट म्यूजिक प्रस्तुतियां होंगी। शाम को दिग्गज कलाकार—दिनेश लाल ‘निरहुआ’, पद्मश्री मालिनी अवस्थी और प्रतिभा सिंह बघेल—माहौल को और भव्य बनाएंगे।

व्यापार और संस्कृति का संगम

इस ट्रेड शो में UPSIDA, इन्वेस्ट यूपी, GNIDA, YEIDA, पर्यटन, आईटी/आईटीईएस, इलेक्ट्रिकल-इलेक्ट्रॉनिक्स, कृषि, डेयरी, टेक्सटाइल और लॉजिस्टिक्स से जुड़े प्रदर्शनों के साथ-साथ क्लीन मिशन और रक्षा निर्माण जैसे सेक्टर भी प्रदर्शित होंगे।

UPITS 2025 केवल व्यापार या प्रदर्शनी भर नहीं है, बल्कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश को भविष्य की अर्थव्यवस्था की ओर ले जाने वाला महामंच है। यहां निवेश, नवाचार, रोजगार और संस्कृति का ऐसा संगम देखने को मिलेगा जो आने वाले वर्षों में प्रदेश को वैश्विक मानचित्र पर और मजबूत स्थान दिलाएगा।।