बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचा बीकेयू (अराजनैतिक) प्रतिनिधि मंडल!!
दो टूक:: गाजियाबाद/अमृतसर, 5 सितम्बर 2025।
पंजाब में बाढ़ प्रभावित इलाकों में मदद और हालात का जायजा लेने के लिए भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक मंच) का एक प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को अमृतसर पहुंचा। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी राजबीर सिंह गाजियाबाद के नेतृत्व में यह दल अजनाला तहसील के गांव गंगोमाहाल स्थित राहत डंप यार्ड पर पहुँचा और बाढ़ पीड़ितों व प्रभावित पशुओं की स्थिति का निरीक्षण किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्तमान समय में सबसे अधिक आवश्यकता पशुओं के लिए राशन, सूखा चारा, दूध पाउडर और साफ पीने के पानी की है। उन्होंने कहा कि शनिवार को गांवों के भीतर जाकर हालात का विस्तृत आकलन किया जाएगा और प्रभावितों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में विनोद जटोली, अंकित चौधरी, अक्षय त्यागी, बबलू मेरठ और मनोज तेवतिया गाजियाबाद मौजूद रहे।
गौरतलब है कि हाल ही में आई बाढ़ से अमृतसर और आसपास के गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं और पशुओं के चारे से लेकर पीने के पानी तक की भारी किल्लत झेल रहे हैं। ऐसे में सामाजिक संगठनों और किसान यूनियन के कार्यकर्ता राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।।