महिला बॉक्सिंग की चमक: ग्रेटर नोएडा में विजेताओं का हुआ सम्मान!!
दो टूक :: ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश:
विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025 में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम विश्व पटल पर रोशन किया। प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
आज ग्रेटर नोएडा में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में इन चारों महिला खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में शामिल हुईं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा, “यह गर्व की बात है कि आज हमारी बेटियां मुक्केबाजी में विश्व स्तर पर दूसरे स्थान पर हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में वे नंबर वन पोजीशन हासिल करेंगी।”
कार्यक्रम में मौजूद भाजपा नेता एवं ओलंपिक पदक विजेता विजेंदर सिंह ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, “लड़कियों ने वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। महिलाओं की इस सफलता की जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है।”
इस मौके पर खिलाड़ियों के हौसले बुलंद रहे और उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। यह आयोजन महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना, जिसने पूरे देश में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ा दी।।