यमुना जलस्तर बढ़ने पर डीएम का निरीक्षण,प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया!!
गौतम बुद्ध नगर, 02 सितंबर 2025।
दो टूक:: यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-150, नोएडा में लोगों से मुलाकात कर राहत कार्यों की जानकारी ली।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित नागरिकों और उनके पालतू पशुओं को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जाए। इंसानों को प्रशासन द्वारा बनाए गए शरणालयों में और पशुओं को सुरक्षित ग्रीन बेल्ट में रखा जाए। उनके लिए चारा और सूखे स्थान की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शरणालयों में स्वच्छ पेयजल, भोजन, चिकित्सा, शौचालय, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा की सभी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक 40 प्रभावित व्यक्तियों, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया है। साथ ही कई पालतू पशुओं को भी शिफ्ट किया गया है। शासन की मंशा के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान एसीपी नोएडा, तहसीलदार सदर और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।।