सीएम आवास के पास आत्मदाह की कोशिश, हरियाणवी एक्टर पर रेप का आरोप!!
दो टूक:: लखनऊ, 6 सितम्बर 2025। राजधानी लखनऊ में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब हरियाणवी देहाती फिल्मों के मशहूर एक्टर उत्तर कुमार पर रेप का आरोप लगाने वाली युवती ने मुख्यमंत्री आवास के पास आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए युवती को पकड़ लिया और बड़ा हादसा टल गया।
गाजियाबाद में दर्ज है केस
जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने उत्तर कुमार के खिलाफ गाजियाबाद में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन मामले में कथित कार्रवाई न होने से नाराज युवती लखनऊ पहुंच गई और मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाने के लिए आत्मदाह का कदम उठाने की कोशिश की।
पुलिस ने रोका, दी सूचना
मौके पर मौजूद गौतमपल्ली थाने की पुलिस ने तुरंत युवती को हिरासत में लेकर आत्मदाह की कोशिश नाकाम कर दी। पुलिस ने इस संबंध में गाजियाबाद पुलिस को सूचना भेज दी है ताकि मामले में आगे की जांच और कार्रवाई की जा सके।
चर्चा में आया मामला
उत्तर प्रदेश की राजधानी में सीएम आवास जैसे वीआईपी इलाके में हुई इस घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, हरियाणवी फिल्म जगत के चर्चित चेहरे उत्तर कुमार पर लगे गंभीर आरोपों ने पूरे प्रकरण को और सुर्खियों में ला दिया है।।
