नोएडा में मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सपा नेताओं को नजरबंद किया गया!!
ज्ञापन सौंपने की थी तैयारी, पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट
दो टूक!! नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे से पहले शनिवार सुबह जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। समाजवादी पार्टी के कई स्थानीय नेताओं को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। जानकारी के अनुसार, सपा नेता विभिन्न स्थानीय मुद्दों और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस प्रशासन को आशंका थी कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सपा नेता प्रदर्शन कर सकते हैं या सुरक्षा व्यवस्था में बाधा डाल सकते हैं। इसी कारण एहतियातन कार्रवाई करते हुए कई नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया गया। पुलिस बल सुबह से ही सपा नेताओं के आवासों पर तैनात कर दिया गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, समाजवादी नेताओं की मांगों में नोएडा में किसानों की समस्याएं, नौजवानों के रोजगार से जुड़े सवाल और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। उनका कहना था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुँचाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बाहर निकलने नहीं दिया।
इधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज नोएडा में एक निजी कंपनी की यूनिट का उद्घाटन करने पहुंच रहे हैं। इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों और रोजगार सृजन को लेकर बड़े ऐलान की संभावना जताई जा रही है। सुरक्षा को देखते हुए पूरे क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।।