शुक्रवार, 25 जुलाई 2025

गोण्डा- इटियाथोक के हर्रैयाझूमन में बलरामपुर चीनी मिल ने मुख्यमंत्री गन्ना कृषक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया आयोजन

शेयर करें:
गोण्डा- ब्लाक क्षेत्र इटियाथोक अंतर्गत ग्राम पंचायत हर्रैयाझूमन में शुक्रवार को मुख्यमंत्री गन्ना कृषक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन बलरामपुर चीनी मिल द्वारा किया गया। अपने संबोधन में जिला गन्ना अधिकारी बलरामपुर संजय कुमार ने किसानों को गन्ने की खेती से आमदनी बढ़ाने के साथ ही सहफसली खेती करने पर बल दिया। उन्होंने गन्ना क्षेत्रफल एवं उत्पादकता बढ़ाने तथा क्षेत्र में चल रहे सर्वे सट्टा प्रदर्शन में क्षेत्रीय किसानों को अपने सट्टे से संबंधित आंकड़ों का अवलोकन कर लेने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि शिकायत होने की दशा में शिकायती पत्र देकर त्वरित निस्तारण करा लें  साथ ही आनलाइन घोषणा पत्र भरने के लिए किसानों को प्रेरित किया। प्रशिक्षण में किसानों को कई महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। इनमें विभाग की किसान कल्याण योजनाएं, नई गन्ना प्रजातियां और कृषि उपकरणों की जानकारी शामिल रहीं। साथ ही मिट्टी की सेहत सुधार, पेड़ी प्रबंधन और खरपतवार नियंत्रण के तरीके भी बताए गए। किसानों को सिंचाई प्रबंधन, कीट नियंत्रण और बीमारियों से बचाव के उपाय भी समझाए गए। प्रशिक्षण में संतुलित उर्वरक के उपयोग और फसल चक्र के बारे में भी विस्तृत चर्चा की गई। प्रगतिशील कृषक पाटेश्वरी प्रसाद ग्राम- रमवापुर नायक के शरदकालीन आधार पौधशाला प्लाट (सीओएस 9232 सामान्य प्रजाति) का निरीक्षण तथा गन्ना की खेती में नवाचार, सहफसली खेती, तृतीय पेड़ी आदि से संबंधित खेती का जिला गन्ना अधिकारी -बलरामपुर के नेतृत्व में फार्म विजिट कराया गया।कार्यक्रम में तमाम किसान मौजूद रहे।