सोमवार, 2 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: विश्व हिंदू महासंघ की मासिक बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, मथुरा प्रांतीय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर बनी रणनीति!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: विश्व हिंदू महासंघ की मासिक बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, मथुरा प्रांतीय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर बनी रणनीति!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। विश्व हिंदू महासंघ, जिला गौतमबुद्धनगर की मासिक बैठक रविवार, 1 नवंबर 2026 को सेक्टर-22 स्थित जिला कार्यालय, भगवान सिंह टावर में जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के साथ आगामी प्रांतीय अधिवेशन को सफल बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।

बैठक का संचालन जिला संरक्षक जयप्रकाश शर्मा एवं जिला प्रवक्ता रामप्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। बैठक में आगामी 16, 17 एवं 18 नवंबर को मथुरा में आयोजित होने वाले संगठन के प्रांतीय अधिवेशन की तैयारियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता तथा आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। वक्ताओं ने संगठन की विचारधारा और उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक में हिंदू समाज को जाति-बिरादरी के भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही निर्णय लिया गया कि संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रत्येक शनिवार को अलग-अलग मंदिरों में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इस पहल के माध्यम से धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ समाज के लोगों को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

हर्ष मिश्रा बने जिला सचिव, रवि यादव को मिली नोएडा विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी

बैठक के दौरान संगठनात्मक विस्तार के तहत महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की गईं। हर्ष मिश्रा को जिला सचिव नियुक्त किया गया, जबकि रवि यादव को नोएडा विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर संगठन में नई जिम्मेदारी दी गई। इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत उसकी एकता, अनुशासन और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। विश्व हिंदू महासंघ का उद्देश्य समाज को एकजुट करते हुए सेवा, संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकता बनाए रखने का आह्वान करते हुए आगामी मथुरा प्रांतीय अधिवेशन को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता से जुटने की अपील की।

इस अवसर पर जिला महासचिव रविंद्र कसाना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धर्मेंद्र नंद, जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह रावत, राजीव चौहान, महानगर मातृशक्ति उपाध्यक्ष गुड़िया भदौरिया, महानगर मातृशक्ति सचिव विभा तिवारी सहित प्रिंस, आर्यन, दीप, अभिषेक एवं अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक का समापन संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को निरंतर गति देने तथा समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

संगठन का संकल्प — संगठित हिंदू समाज, सशक्त संगठन और राष्ट्रहित सर्वोपरि।।