गौतमबुद्धनगर: स्कूल जाने के लिए निकले चार बच्चे लापता, जारचा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल तलाशकर परिजनों को सौंपा!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 14 नवंबर 2026। गौतमबुद्धनगर के थाना जारचा क्षेत्र में स्कूल जाने के लिए घर से निकले चार बच्चे अचानक लापता हो गए। बच्चों के घर वापस नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। काफी तलाश करने के बावजूद जब बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने मामले की सूचना थाना जारचा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए बच्चों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 13 नवंबर 2026 को करीब 10 से 12 वर्ष की उम्र के चार बच्चे स्कूल जाने के लिए अपने घर से निकले थे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वे वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर से बच्चों की संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जारचा पुलिस ने बिना देरी किए बच्चों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीमों ने विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की और हर जरूरी पहलू को ध्यान में रखते हुए प्रयास जारी रखे। पुलिस की सक्रियता और अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप चारों बच्चों को एनटीपीसी रोड के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।
इसके बाद पुलिस ने सभी बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। काफी देर से बच्चों की तलाश में परेशान परिजनों ने अपने लाडलों को सकुशल सामने देखकर राहत की सांस ली और खुशी जाहिर की।
बच्चों की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।
समय रहते पुलिस की सक्रियता से चार परिवारों की चिंता दूर हुई और चारों बच्चे सुरक्षित अपने घर पहुंच गए।।
