गौतमबुद्धनगर: 12 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाने में जुटी पूर्वांचल मित्र मंडल छठ पूजा समिति, शहीद भगत सिंह पार्क में तैयारियां तेज!!
सेक्टर-31 में छठ महोत्सव को लेकर घाट की साफ-सफाई और मरम्मत का कार्य जारी, सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक रहेंगे पुख्ता इंतजाम
दो टूक//नोएडा। पूर्वांचल मित्र मंडल छठ पूजा समिति के तत्वावधान में सेक्टर-31 स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में आयोजित होने वाले चार दिवसीय छठ पूजा महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शुक्रवार को छठ घाट की साफ-सफाई, मरम्मत और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य जारी रहा। समिति के पदाधिकारी और सदस्य महोत्सव को दिव्य एवं भव्य बनाने के लिए पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं।
छठ पूजा समिति के महासचिव राघवेंद्र दुबे ने बताया कि पूर्वांचल मित्र मंडल छठ पूजा समिति पिछले 12 वर्षों से लगातार श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ छठ पूजा महोत्सव का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष भी चार दिवसीय छठ महोत्सव का शुभारंभ 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हो चुका है। 14 नवंबर को खरना का आयोजन होगा। 15 नवंबर को छठ व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महोत्सव का समापन होगा।
उन्होंने बताया कि जल्द ही छठ घाट की आकर्षक साज-सज्जा कराई जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की टीम के साथ एंबुलेंस तैनात रहेगी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ समिति के वालंटियर भी मुस्तैद रहेंगे।
धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकारों का भी दिया जाएगा संदेश
समिति की ओर से इस बार छठ महोत्सव के दौरान धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश भी दिए जाएंगे। घाट परिसर में जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखवाए जाएंगे। इनमें पॉलीथिन का प्रयोग न करने, बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा जैसे विषय प्रमुख रहेंगे। समिति का उद्देश्य है कि लोग छठी मैया की उपासना और धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करने के साथ-साथ अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति भी जागरूक हों।
समिति के संयोजक अर्जुन प्रजापति ने बताया कि श्रद्धालुओं की आस्था और पवित्रता को ध्यान में रखते हुए घाट के जल में गंगाजल मिलाया जाएगा तथा गुलाब की पंखुड़ियां डाली जाएंगी। इसके साथ ही छठ व्रतियों के स्वागत और सम्मान में उन पर पुष्पवर्षा भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार छठ पूजा महोत्सव को पहले से अधिक दिव्य, भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाओं के बीच पूजा-अर्चना करने का अवसर मिल सके।
इस अवसर पर समिति के संयोजक अर्जुन प्रजापति, अध्यक्ष राजेश कुमार, अविनाश सिंह, तरुण कुमार, सुधीर राय, मयंक सिंह, जय प्रकाश, मंगल ठाकुर, शंकर महतो सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।।
