शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026

लखनऊ :दिनदहाड़े एजेंसी संचालक के घर मे लाखों की हुई चोरी,मचा हड़कंप।।||Lucknow:Lakhs of rupees stolen from an agency operator's home in broad daylight, causing panic.||

शेयर करें:
लखनऊ :
दिनदहाड़े एजेंसी संचालक के घर मे लाखों की हुई चोरी,मचा हड़कंप।।
●चोर ने अलमारी और लॉकर तोड़कर कीमती सामान लेकर फरार।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज कस्बे के मौरांवा रोड पर गुरुवार को बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े एक एजेंसी संचालक के घर को निशाना बनाया। चोर दीवार फांदकर घर में घुसे और गेट का ताला तोड़कर कमरे में रखी अलमारी व लॉकर से 80 हजार रुपये की नकदी और करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम ने जांच-पड़ताल की।
विस्तार : 
जानकारी के अनुसार कोतवाली मोहनलालगंज कस्बे के मौरांवा रोड निवासी उमाकान्त पाठक अपनी छोटी बेटी सौम्या के साथ रहते हैं और पेप्पी की एजेंसी संचालित करते हैं। पीड़ित के मुताबिक, गुरुवार सुबह उनकी बेटी लखनऊ स्थित कॉलेज चली गई। इसके बाद वह घर में ताला बंद कर कुछ दूरी पर स्थित अपनी एजेंसी पर चले गए।
इसी दौरान चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हो गए। आरोप है कि चोरों ने गेट का ताला तोड़ने के बाद कमरे में रखी अलमारी का लॉक और लॉकर तोड़ दिया। इसके बाद उसमें रखी 80 हजार रुपये की नकदी और करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात समेटकर फरार हो गए।
शाम करीब चार बजे उमाकान्त पाठक घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला खोलने के बावजूद अंदर का दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद वह दीवार फांदकर अंदर पहुंचे तो गेट का ताला टूटा मिला और कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना पर एसीपी आर.के. सिंह और इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह चौकी प्रभारी अतुल सिंह समेत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वायड टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।