लखनऊ :
गर्लफ्रेंड के फ्लैट से गिरकर कारोबारी की मौत,हत्या के आरोपों से हड़कंप।।
मृतक की मां ने गर्लफ्रेंड समेत चार पर लगाया हत्या का आरोप,केस दर्ज।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर कारोबारी की जान चली गई। मृतक की मां ने बेटे की गर्लफ्रेंड, उसकी बहन, ड्राइवर आदिल समेत अन्य लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए स्थानीय कोतवाली हजरतगंज मे तहरीर दी। पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के मुताबिक लखनऊ के
अलीगंज के सेक्टर-एफ स्थित सी-40 निवासी कारोबारी शिवा शर्मा शुक्रवार 9 अक्टूबर की शाम हजरतगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। शिवा कपूरथला स्थित सहारा टावर के नीचे कपड़ों की दुकान और 'आंगन' नाम से रेस्टोरेंट चलाते थे।
मृतक की मां रंजना शर्मा के मुताबिक, उनका बेटा पिछले चार महीने से श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। मां ने आरोप लगाया कि श्रद्धा बेटे पर दबाव बनाती थी और झूठे मुकदमे में फंसाने तथा बदनाम करने की धमकी देती थी। उनका यह भी दावा है कि श्रद्धा पहले भी शिवा के साथ मारपीट करती थी।
●अस्पताल पहुंचने पर बेटे को पाया मृत।।
मृतक कारोबारी की मां रंजना शर्मा का आरोप है कि 9 अक्टूबर की रात करीब सात बजे श्रद्धा दुबे और उसकी बहन के ड्राइवर आदिल का फोन आया। उन्हें बताया गया कि शिवा की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। बाद में आदिल ने केजीएमयू ले जाने की जानकारी दी। परिजन अस्पताल पहुंचे तो उनके मुताबिक, शिवा का शव दिखाने के बाद श्रद्धा और उसके साथ मौजूद लोग वहां से चले गए।
मां ने दावा किया कि बेटे के शरीर पर काफी चोटें थीं और वह केवल अंडरवियर में था। उन्होंने आंखों, जबड़े, पैर और पसलियों में गंभीर चोट होने के साथ नाक-कान से खून निकलने तथा शरीर पर खरोंच और जलने जैसे निशान होने का आरोप लगाया है। इन दावों की पुष्टि जांच और मेडिकल साक्ष्यों से होनी बाकी है।
●दुकान पर आकर धमकी देने का भी आरोप।
रंजना शर्मा ने आरोप लगाया कि घटना से करीब छह-सात दिन पहले श्रद्धा उनकी दुकान पर आई थी। मां के मुताबिक, उसने बेटे को अपने साथ रखने की बात कहते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
मृतक की मां ने श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे, ड्राइवर आदिल और अन्य लोगों को बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया है। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
●हजरतगंज एसीपी रजनीश वर्मा के मुताबिक, युवक चौथी मंजिल से गिरा था। मामले में मुकदमा दर्ज कर घटना के कारणों की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
