शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026

लखनऊ : दीवार में सेंध लगाकर लाखों का माल पार, सीसीटीवी का डीवीआर भी ले उड़े चोर।|Lucknow: Thieves broke into a wall and stole goods worth lakhs, including the CCTV DVR.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
दीवार में सेंध लगाकर लाखों का माल पार,सीसीटीवी का डीवीआर भी ले उड़े चोर।
●एक ही ई-रिक्शा एजेंसी में लगातार दूसरे साल चोरी, पुलिस गश्त पर सवाल।
दो टूक :लखनऊ मोहनलालगंज क्षेत्र के सिसेंडी में चोरों के निशाने पर ऊषा एंटरप्राइजेज, दीवार में सेंध लगाकर लाखों का सामान पार; सीसीटीवी का डीवीआर भी उखाड़ ले गए चोर।
विस्तार : 
जानकारी के अनुसार लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सिसेंडी कस्बे में चोरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए ई-रिक्शा एजेंसी को निशाना बनाया। मनोहरापुर निवासी रवि प्रकाश की ऊषा एंटरप्राइजेज में आठ अक्टूबर की रात चोर पीछे की दीवार में सेंध लगाकर दाखिल हुए और बैटरी, चार्जर समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि इसी एजेंसी में पिछले साल दो अक्टूबर को भी लाखों की चोरी हुई थी। लगातार दूसरे साल अक्टूबर में हुई वारदात से व्यापारियों में दहशत है और पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।
●दीवार तोड़कर घुसे, डीवीआर भी ले गए।
एजेंसी संचालक रवि प्रकाश के मुताबिक, बुधवार रात दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। गुरुवार सुबह एजेंसी खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था और काउंटर का ताला टूटा मिला। जांच करने पर पीछे की दीवार में सेंध दिखाई दी। चोर ई-रिक्शा की चार बैटरियां, छह नए ई-रिक्शों के चार्जर, अन्य चार्जर, कंट्रोलर, इन्वर्टर व बैटरी समेत अन्य सामान उठा ले गए। काउंटर में रखी करीब पांच हजार रुपये की नकदी भी चोरी होने की बात कही गई है। इसके अलावा चोर सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे उनकी पहचान के लिए फुटेज हासिल करना मुश्किल हो सकता है।
●एक साल पहले भी हुई थी लाखों की चोरी।
एजेंसी संचालक ने बताया कि दो अक्टूबर 2025 को भी इसी प्रतिष्ठान में चोरी हुई थी। उस समय बैटरियां, चार्जर और अन्य सामान चोरी हुआ था। पीड़ित का आरोप है कि पिछली घटना के बाद लिखित शिकायत देने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। अब एक साल बाद उसी महीने दोबारा चोरी होने से पुलिस की कार्यप्रणाली और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
●पुलिस और डॉग स्क्वायड ने की जांच।
घटना की सूचना मिलने पर मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। डॉग स्क्वायड टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। मौके से एक काला गमछा मिलने की बात भी सामने आई है। स्थानीय लोगों ने कुछ संदिग्धों पर आशंका जताई है, हालांकि उनकी संलिप्तता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
●तहरीर के बाद कार्रवाई मे जुटी पुलिस।
पीड़ित के मुताबिक, चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये है। अलग-अलग विवरणों में नुकसान करीब सवा तीन लाख से चार लाख रुपये तक बताया गया है। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के अनुसार, पीड़ित ने तहरीर दी है और जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। लगातार दो वर्षों में एक ही एजेंसी में चोरी की घटनाओं ने स्थानीय व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस के सामने चोरों का सुराग लगाने, चोरी गया सामान बरामद करने और क्षेत्र में रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने की चुनौती है।