गौतमबुद्धनगर: हाजीपुर गांव की समस्याओं को लेकर गरजी भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति), बीसी प्रधान ने दिया समाधान का भरोसा!!
जर्जर बारात घर, श्मशान घाट, उफनते सीवर और बदहाल सड़कों का मुद्दा उठा; ग्रामीणों की मांगों को लेकर प्राधिकरण और प्रशासन से मिलेगा संगठन
दो टूक//नोएडा। ग्राम हाजीपुर में भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ग्रामीणों की बुनियादी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों तक आवाज पहुंचाने का संकल्प लिया गया। बैठक में गांव के विकास, जनसुविधाओं की बदहाल स्थिति और किसानों एवं ग्रामीणों के हितों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
बैठक की अध्यक्षता सुरेश प्रधान ने की, जबकि संचालन संगठन के परिवहन मंत्री ओमप्रकाश गुर्जर ने किया। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं संगठन के पदाधिकारियों के सामने रखते हुए बताया कि गांव का बारात घर काफी पुराना और जर्जर हो चुका है, जिसके कारण उसका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा गांव में आज तक श्मशान घाट का निर्माण नहीं होने, जगह-जगह सीवर उफनने तथा कई प्रमुख सड़कों की हालत खराब होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की कि गांव की इन मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उन्हें रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिले।
बीसी प्रधान ने दिया समस्याओं के समाधान का भरोसा
बैठक में भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान बरौला ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि संगठन किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। गांवों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ग्रामीणों को बेहतर सड़कें, स्वच्छ सीवर व्यवस्था, सामाजिक आयोजनों के लिए उचित स्थान और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है।
चौधरी बीसी प्रधान ने आश्वासन दिया कि ग्राम हाजीपुर की इन सभी समस्याओं को लेकर जल्द ही नोएडा प्राधिकरण और जिला प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। ग्रामीणों की मांगों को प्रमुखता से अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए प्रभावी पैरवी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन का उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए भी लगातार प्रयास करना है। ग्रामीणों की जायज मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर गांव के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से काम किया जाएगा।
संगठन का विस्तार, युवाओं को मिली नई जिम्मेदारियां
बैठक के दौरान भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) का संगठनात्मक विस्तार भी किया गया। किसान हितों और संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कई युवाओं को संगठन में शामिल करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
संगठन से जुड़ने वाले नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में संजीव चपराना, पंकज कसाना, सोनू बंसल, अंकित अवाना, प्रवीण बैसोया, मोनू चपराना, केशव अवाना, राहुल सैनी और सिंटू सिंह सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया और उन्हें किसान हित में समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और किसानों एवं ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि युवाओं के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और जनहित के मुद्दों को और मजबूती से उठाया जा सकेगा।
सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में ग्रामीण समस्याओं पर हुआ मंथन
बैठक में मास्टर राजबीर सिंह, बिरम अवाना, बिजेंद्र अवाना, महानगर अध्यक्ष हरेंद्र सिंह, युवा अध्यक्ष राजकुमार मोनू, अरुण गौतम, सुनील बैसोया, धर्मराज बैसोया, धर्मेंद्र बैसोया, जीत सिंह, महेश बैसोया, प्रमोद प्रजापति, सुधीर ठाकुर, जय सिंह, रोहित अवाना, अरविंद जाटव, अंकुर कश्यप, हरेंद्र अवाना और पुष्पेंद्र सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर प्रयास करने और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के पदाधिकारियों ने भरोसा जताया कि ग्राम हाजीपुर की बुनियादी समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।।
