गौतमबुद्धनगर: नोएडा में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 1,922 वाहनों और 2,068 लोगों की जांच; 471 के चालान, 19 वाहन सीज!!
45 पुलिस टीमों ने 45 प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर चलाया सघन चेकिंग अभियान, 327 लोगों के खिलाफ भी की गई वैधानिक कार्रवाई
दो टूक//नोएडा। सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को नोएडा जोन के सभी थाना क्षेत्रों में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व डीसीपी नोएडा प्रीति यादव ने किया, जबकि एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र ने पूरे अभियान का निकट पर्यवेक्षण किया।
अभियान के दौरान नोएडा जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 45 पुलिस टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने 45 प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर एक साथ चेकिंग करते हुए वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 1,922 वाहनों और 2,068 व्यक्तियों की सघन जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 471 वाहनों के चालान किए गए, जबकि नियमों के उल्लंघन के मामलों में 19 वाहनों को सीज किया गया।
इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 327 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 292 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई।
बाजारों, औद्योगिक क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर भी रखी गई नजर
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख चौराहों, औद्योगिक क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की गहन जांच कराई गई। साथ ही बैंकों, एटीएम, होटलों, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त और प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करें। विशेष रूप से रात्रि के समय पुलिस भ्रमण बढ़ाने, असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर पुलिस का जोर
गौतमबुद्धनगर पुलिस का यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।।
