गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मोबाइल स्नेचिंग करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, 17 मोबाइल फोन बरामद; चोरी की बाइक और अवैध चाकू भी मिला!!
सेक्टर-58 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली-एनसीआर में चोरी और स्नेचिंग की वारदातों को देते थे अंजाम; iPhone 15 और Samsung Galaxy S26 की स्नेचिंग में भी थे शामिल
दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी और स्नेचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने मोबाइल फोन स्नेचिंग करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी और स्नेचिंग के विभिन्न कंपनियों के 17 मोबाइल फोन, 1,500 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे और उनके मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाते थे।
जुबिलेंट पार्क के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2026 को थाना सेक्टर-58 पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को सेक्टर-58 स्थित जुबिलेंट पार्क के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चतुरानन्द पाण्डेय उर्फ रोनी (23 वर्ष) निवासी मूल रूप से गोरखपुर और वर्तमान में सेक्टर-55 नोएडा तथा जतिन सिंह (26 वर्ष) निवासी अनिल विहार, खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
चोरी की बाइक से करते थे मोबाइल स्नेचिंग
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी शातिर तरीके से चोरी और मोबाइल स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। इसके लिए वे चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करते थे और दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में राह चलते लोगों के मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाते थे। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि 5 अक्टूबर 2026 को उन्होंने सेक्टर-56 से एक iPhone 15 और सेक्टर-62 से एक Samsung Galaxy S26 मोबाइल फोन स्नेच किया था। इन दोनों घटनाओं के संबंध में थाना सेक्टर-58 में मुकदमा अपराध संख्या 377/2026 और 352/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों से चुराए थे 17 मोबाइलबरामद किए गए 17 मोबाइल फोन के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी की इसी मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन चोरी और स्नेचिंग किए थे। आरोपियों का कहना है कि वे चोरी और स्नेचिंग किए गए मोबाइल फोन बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे और उसे अपने निजी खर्चों तथा मौज-मस्ती पर खर्च करते थे।
दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस जांच में गिरफ्तार अभियुक्तों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। अभियुक्त चतुरानन्द पाण्डेय के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में चोरी, बरामदगी और आबकारी अधिनियम से संबंधित मुकदमों के अलावा पानीपत, हरियाणा के थाना क्षेत्र में भी चोरी का मुकदमा दर्ज है। वहीं अभियुक्त जतिन सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, चोरी और स्नेचिंग से संबंधित मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। दोनों के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में दर्ज पूर्व मुकदमों के साथ वर्तमान कार्रवाई के दौरान भी संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के चोरी और स्नेचिंग के 17 मोबाइल फोन, 1,500 रुपये नकद, एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर HR06AK8165) और अभियुक्त जतिन सिंह के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया है। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में थाना पानीपत, हरियाणा में मुकदमा अपराध संख्या 509/2025 दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस की इस कार्रवाई को मोबाइल चोरी और स्नेचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ और बरामद मोबाइल फोन के संबंध में आगे की जांच कर रही है।।
