लखनऊ :
उत्तराखंड में मंच शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन,तनुज पुनिया समेत सैकड़ों कार्यकर्ता गिरफ्तार।
दो टूक : उत्तराखंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के मंच का कथित तौर पर शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में मंगलवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग ने लखनऊ के जीपीओ पार्क स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन एवं सांसद तनुज पुनिया ने किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड में मंच के शुद्धिकरण के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को निरस्त करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान सांसद तनुज पुनिया ने केंद्र की भाजपा सरकार पर दलित विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और दलित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण तो करते हैं, लेकिन दलित समाज के प्रति उनके मन में उपेक्षा का भाव है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और दलित समाज से आते हैं। हल्द्वानी में उनकी जनसभा के बाद मंच का कथित शुद्धिकरण किया जाना संविधान की भावना के विपरीत है।
उन्होंने उत्तराखंड की भाजपा सरकार से दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही इस मुद्दे को लेकर आवाज उठाने पर राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए उसे तत्काल निरस्त करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बलपूर्वक सांसद तनुज पुनिया समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डेन पहुंचाया, जहां देर शाम उन्हें रिहा कर दिया गया।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. उमाशंकर पांडेय ने बताया कि प्रदर्शन में अनुसूचित जाति विभाग के तमाम पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। गिरफ्तार होने वालों में डॉ. शहजाद आलम, ममता चौधरी, मुकेश सिंह चौहान, सुशील कुमार वाल्मीकि, विषम सिंह, सिद्धिश्री, मुरली मनोहर, विनय गौतम, विनीत वर्मा, अमरनाथ पासवान, अखिलेश कनौजिया, अभय गौतम, अजय रावत, पंकज बाबा, श्रीराम वर्मा, पावन कोरी, विद्या गौतम, सीमा गौतम, शैलेन्द्र कुमार, अशोक कसोरूया, राम बदन बौद्ध, स्नेहलता, राम हरक रावत, सोम विकल, ग्रुप कैप्टन दिनेश चन्द्रा, आशीष प्रेमी, विजय कुमार, संयोगिता वर्मा, वीरेन्द्र यादव, अफाक अली, सद्दन, इरफान कुरैशी, सहिस्ता अख्तर, बृजेश आर्य, बृजेश गौतम, श्रुति अवस्थी और सूरज दीक्षित सहित सैकड़ों कांग्रेसजन शामिल रहे।
