लखनऊ :
इटौंजा में युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा,जान से मारने की धमकी से मचा हड़कंप।
भूमि विवाद में रास्ता रोककर मारपीट का आरोप, एफआईआर दर्ज।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर युवक को रास्ते में घेरकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर है।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक महिगवां थाना क्षेत्र के ग्राम बीबीपुर निवासी अंकित पाल पुत्र स्वर्गीय गया बख्श पाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव में स्थित भूमि को लेकर विपक्षीगण से उसका विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते वह इटौंजा बाजार जा रहा था, तभी रास्ते में आरोपियों ने उसे रोक लिया और घेरकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना इटौंजा पुलिस ने मु0अ0सं0-133/2026 के तहत धारा 61(2), 115(2), 351(3) और 127(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने घायल वादी का चिकित्सीय परीक्षण सीएचसी इटौंजा में कराया है।
जांच अधिकारी ने संभाली कमान
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार भारती द्वारा की जा रही है। पुलिस के मुताबिक नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
पुलिस के अनुसार भूमि विवाद में युवक को रास्ते में रोककर मारपीट और धमकी दिए जाने का मामला है पीडित की तहरीर पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
