बुधवार, 2 सितंबर 2026

लखनऊ :ट्रेन से कटकर महिला की मौत, शिनाख्त कराने में पुलिस जुटी,एक हाथ कटा, सिर में गंभीर चोट।।||Lucknow:A woman was struck by a train and died. Police are working to identify her. She suffered a severed hand and a serious head injury.||

शेयर करें:
लखनऊ :
ट्रेन से कटकर महिला की मौत, शिनाख्त कराने में पुलिस जुटी,एक हाथ कटा, सिर में गंभीर चोट।।
दो टूक :  लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से करीब 35-40 वर्षीय अज्ञात महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में महिला के सिर में गंभीर चोट आई और उसका एक हाथ कट गया। सूचना मिलते ही बीकेटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार : 
पुलिस के अनुसार स्टेशन अधीक्षक, बक्शी का तालाब की ओर से बुधवार को करीब 12:27 बजे बीकेटी थाने पर सूचना दी गई कि ट्रेन संख्या 15312 की चपेट में एक महिला आ गई है। हादसा रेलवे ट्रैक के किलोमीटर संख्या 22/6 से 22/8 के बीच हुआ।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक राजन सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात महिला मृत अवस्था में पड़ी मिली। प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी और एक हाथ कट गया था।
पुलिस के मुताबिक मृतिका के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल, आधार कार्ड, पर्स या अन्य दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान तत्काल हो सके। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों और स्थानीय लोगों से महिला के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी।
महिला की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। मृतिका की पहचान कराने के लिए पुलिस द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना देकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।