शुक्रवार, 11 सितंबर 2026

लखनऊ : ट्रक में पीछे से घुसी अर्टिगा, छह श्रद्धालु घायल—तीन महिलाओं की हालत||Lucknow: Ertiga rams into truck from behind, injuring six pilgrims - three women in critical condition||

शेयर करें:
लखनऊ : 
ट्रक में पीछे से घुसी अर्टिगा, छह श्रद्धालु घायल—तीन महिलाओं की हालत गंभीर।
शहीद पथ पर भोर में हुआ भीषण हादसा,टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र में शहीद पथ पर शुक्रवार तड़के भोर तेज रफ्तार अर्टिगा आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। भीषण टक्कर में अर्टिगा सवार तीन महिलाओं समेत छह श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को तत्काल पीजीआई ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल सभी श्रद्धालु खाटूश्यामजी जा रहहे थे।
विस्तार : 
पीजीआई इस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक गोरखपुर के बड़हलगंज निवासी छह श्रद्धालु अर्टिगा कार से खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे कार वृंदावन कॉलोनी सेक्टर-7 के पास शहीद पथ पर पहुंची। इसी दौरान अर्टिगा आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग घायल होकर फंस गए।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों और पुलिस की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और सभी को पीजीआई ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया।
कार में प्रदीप सिंह, बृजेश सिंह, कंचन, संजना, शोभा और सूर्यभान यादव सवार थे। पुलिस के अनुसार चालक प्रदीप सिंह को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश के साथ ही हादसे की जांच में जुटी है।