गोण्डा- आगामी कजरीतीज पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने तथा सरयू घाट एवं प्रमुख मंदिरों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार, डीएम प्रियंका निरंजन एवं एसपी अभिषेक झा द्वारा सरयू घाट का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा सरयू घाट पर की गई बैरिकेडिंग, बैरियर, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, घाट पर सुरक्षा प्रबन्ध, गोताखोरों की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित कर ली जाएं। कजरीतीज पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा सरयू घाट पर जल भरने के उपरान्त थाना करनैलगंज क्षेत्रान्तर्गत बरखण्डी नाथ मंदिर, थाना खरगूपुर क्षेत्रान्तर्गत पृथ्वीनाथ मंदिर एवं कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत स्थित दुःखहरण नाथ मंदिर सहित अन्य प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक किया जाता है। इस दौरान कांवड़ यात्रा एवं शोभायात्राओं में जनपद सहित आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की सम्भावना को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक प्रबन्ध किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत सरयू घाट एवं प्रमुख मंदिर परिसरों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, गोताखोर दल की उपलब्धता तथा एंटी रॉयट ड्रोन टीम की तैनाती/उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण, प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग तथा वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं पुलिस बल को श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण हेतु माइक/पीए सिस्टम का प्रभावी उपयोग करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं तत्पर रहने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों द्वारा स्पष्ट किया गया कि कजरीतीज पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर सतर्क रहकर व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करेंगे तथा आवश्यकता के अनुसार मौके पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
