मंगलवार, 8 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: एंड्रॉयड डिवाइस के नाम पर ऑनलाइन ठगी, पार्सल खोलते ही उड़े होश; अंदर मिला गोबर, दनकौर में हड़कंप!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: एंड्रॉयड डिवाइस के नाम पर ऑनलाइन ठगी, पार्सल खोलते ही उड़े होश; अंदर मिला गोबर, दनकौर में हड़कंप!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। दनकौर कस्बे में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर धोखाधड़ी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने वेबसाइट के माध्यम से एंड्रॉयड डिवाइस ऑर्डर किया और सामान की पूरी कीमत भी पहले ही ऑनलाइन भुगतान कर दी, लेकिन जब कोरियर के जरिए पार्सल घर पहुंचा और उसे खोला गया तो अंदर डिवाइस की जगह गोबर भरा हुआ मिला। पार्सल की यह स्थिति देखकर पीड़ित के होश उड़ गए।

जानकारी के अनुसार, दनकौर निवासी आकाश नागर ने एक वेबसाइट के माध्यम से एंड्रॉयड डिवाइस ऑर्डर किया था। ऑनलाइन खरीदारी के दौरान उन्होंने डिवाइस की पूरी कीमत का भुगतान पहले ही कर दिया था। इसके बाद उन्हें कोरियर कंपनी के माध्यम से पार्सल मिलने का इंतजार था।

बताया गया कि सोमवार शाम को कोरियर के जरिए पार्सल आकाश नागर के घर पहुंचा। पार्सल मिलने के बाद जब उन्होंने उसे खोला तो अंदर डिवाइस देखकर खुश होने के बजाय उनके होश उड़ गए। पैकेट के अंदर एंड्रॉयड डिवाइस की जगह गोबर भरा हुआ था। पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने वेबसाइट पर भरोसा करते हुए ऑनलाइन भुगतान किया था, लेकिन बदले में उन्हें सामान की जगह गोबर से भरा पार्सल भेज दिया गया।

इस घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत दनकौर थाना पुलिस से की और ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ऑर्डर किस वेबसाइट और विक्रेता के माध्यम से किया गया था तथा पार्सल कहां से भेजा गया।

इस घटना ने ऑनलाइन शॉपिंग करने वाले लोगों को भी सतर्क कर दिया है। आए दिन ऑनलाइन खरीदारी के दौरान ठगी और गलत सामान भेजे जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे में किसी भी वेबसाइट से सामान खरीदने से पहले उसकी विश्वसनीयता, विक्रेता की जानकारी, रिव्यू और रिटर्न पॉलिसी की अच्छी तरह जांच करना बेहद जरूरी है।

फिलहाल दनकौर थाना पुलिस पीड़ित की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस धोखाधड़ी के पीछे कौन लोग शामिल हैं और पीड़ित को किस माध्यम से निशाना बनाया गया।।