गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर पुलिस का पैदल गश्त अभियान, संदिग्धों पर नजर और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश!!
दो टूक//नोएडा। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आमजन में सुरक्षित माहौल का भरोसा कायम रखने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मंगलवार को नोएडा सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी नोएडा साद मिया खान एवं एडीसीपी नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में एसीपी-2 नोएडा मयंक तिवारी ने पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के आसपास पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस टीम ने मेट्रो स्टेशन के आसपास मौजूद लोगों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
एसीपी-2 ने थाना प्रभारी को क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही आसपास की बस्तियों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में लगातार पुलिस की मौजूदगी बनाए रखने के लिए सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को निरंतर भ्रमणशील रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी संवाद किया और उन्हें सुरक्षा को लेकर जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों और मेट्रो स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की ओर से क्षेत्र में लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान जारी रखने पर जोर दिया गया।।
