गौतमबुद्धनगर: मेड बनकर घर में काम करती थी महिला, पति के साथ मिलकर उड़ाए लाखों के जेवर; सेक्टर-39 पुलिस ने दंपती को दबोचा!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक दंपती को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों वांछित आरोपियों को नोएडा सिटी सेंटर के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की चोरी की ज्वैलरी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, महिला घरों में मेड का काम करने के दौरान चोरी की वारदात को अंजाम देती थी और बाद में अपने पति के साथ मिलकर चोरी किए गए आभूषणों को ठिकाने लगाने की कोशिश करती थी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नजमा परवीन पत्नी इकरामुल मियां, उम्र करीब 28 वर्ष और उसके पति इकरामुल मियां पुत्र नईमुद्दीन, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के सीतलकुची क्षेत्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के अगाहपुर में किराये के मकान में रह रहे थे।
मेड का काम करते-करते बनाया चोरी का प्लान
पुलिस पूछताछ में अभियुक्ता नजमा परवीन ने बताया कि वह जिस घर में मेड का काम करती थी, वहीं से दोनों ने आभूषण चोरी किए थे। चोरी की घटना के संबंध में पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना सेक्टर-39 में मु0अ0सं0 439/26, धारा 306, 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को 5 सितंबर 2026 को नोएडा सिटी सेंटर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
करीब 10 लाख रुपये के आभूषण बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में पीली धातु की एक चेन, जिसमें तीन लॉकेट लगे हैं, पांच मोती, पीली धातु का एक मंगलसूत्र तथा चमकदार नग जड़ी पीली धातु की एक अंगूठी शामिल है। पुलिस ने बरामद ज्वैलरी की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है।
पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार नजमा परवीन और इकरामुल मियां मूल रूप से सीतलकुची, जिला कूचबिहार, पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। दोनों पिछले कुछ समय से नोएडा में किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले चोरी की कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी के आभूषणों को कहां-कहां खपाया गया।
थाना सेक्टर-39 पुलिस की इस कार्रवाई से घरों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है।।
