मऊ :
जिला महिला चिकित्सालय में गूंजी 17 बेटियों की किलकारी,मनाया गया जन्मोत्सव।
दो टूक : बेटियों के जन्म को उत्सव और सम्मान से जोड़ने के उद्देश्य से जिला महिला चिकित्सालय, मऊ में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम ने नवजात कन्याओं और उनकी माताओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में 17 नवजात कन्याओं को वस्त्र वितरित किए गए। बेटियों के जन्म पर माताओं और परिजनों के साथ खुशी साझा करते हुए उन्हें बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, अधिकार और सम्मान के प्रति जागरूक किया गया।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार जनपद मऊ के जिला महिला चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महिला कल्याण विभाग की टीम ने कहा कि बेटियां बोझ नहीं, बल्कि समाज की शक्ति और भविष्य की आधारशिला हैं। बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा और विकास तक सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना समेत बालिकाओं के हित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र परिवारों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में महिला कल्याण जिला मिशन समन्वयक अर्चना राय, जेंडर स्पेशलिस्ट तृप्ति राय, जिला महिला चिकित्सालय के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, धात्री माताएं और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।
बेटियों के जन्म पर जश्न और सम्मान की यह पहल समाज में लैंगिक समानता और बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करने का संदेश दे गई।
