मंगलवार, 8 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: किसानों की लंबित मांगों को लेकर 14 सितंबर को नोएडा में महापंचायत, अशोक भाटी बोले- समाधान तक जारी रहेगा आर-पार का संघर्ष!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: किसानों की लंबित मांगों को लेकर 14 सितंबर को नोएडा में महापंचायत, अशोक भाटी बोले- समाधान तक जारी रहेगा आर-पार का संघर्ष!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। किसानों और ग्रामीणों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने आंदोलन को निर्णायक चरण में पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। आगामी 14 सितंबर 2026 को सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। महापंचायत की तैयारियों को लेकर संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गांव-गांव संपर्क कर किसानों को जुटाने में लगे हैं।

इसी क्रम में भारतीय किसान यूनियन के गौतमबुद्धनगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न लंबित समस्याओं और प्रस्तावित किसान महापंचायत की विधिवत सूचना संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को दी गई। संगठन की ओर से नोएडा प्राधिकरण, पुलिस उपायुक्त, जिलाधिकारी, विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर महापंचायत की जानकारी दी गई।

जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। बार-बार मांग और ज्ञापन देने के बावजूद समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं होने से किसानों में रोष है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब भारतीय किसान यूनियन ने किसानों की आवाज को मजबूती से उठाने का निर्णय लिया है और लंबित मांगों के समाधान तक आर-पार का संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि 14 सितंबर की किसान महापंचायत महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों के हक, सम्मान और अधिकारों की निर्णायक आवाज होगी। महापंचायत में गौतमबुद्धनगर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे।

अशोक भाटी ने बताया कि किसान महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित होकर किसानों को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि महापंचायत के माध्यम से किसानों की समस्याओं को मजबूती से प्रशासन और प्राधिकरण के सामने रखा जाएगा तथा उनके समाधान के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसान अपने अधिकारों के लिए एकजुट हैं और किसी भी स्थिति में पीछे हटने वाले नहीं हैं। यदि किसानों की जायज मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

किसान महापंचायत को लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस दौरान रविंद्र भगतजी, सिंहराज गुर्जर, रविंद्र भाटी, योगेश भाटी, सोमेश भारद्वाज, अरुण भाटी, राजा चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।।