गुरुवार, 3 सितंबर 2026

लखनऊ :उमराह भेजने के नाम पर 11 लोगों से 6.75 लाख की ठगी का आरोप, टूर संचालक पर FIR दर्ज।।Lucknow:FIR filed against tour operator for allegedly defrauding 11 people of Rs 6.75 lakh in the name of Umrah arrangements.||

शेयर करें:
लखनऊ :
उमराह भेजने के नाम पर 11 लोगों से 6.75 लाख की ठगी का आरोप, टूर संचालक पर FIR दर्ज।।
●पीड़ितों ने संयुक्त पुलिस आयुक्त क्राइम से लगाई गुहार, आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में उमराह और जियारत के नाम पर 11 लोगों से 6 लाख 75 हजार रुपये लेने और निर्धारित समय पर मक्का-मदीना नहीं भेजने का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि टूर एंड ट्रैवल्स संचालक ने रकम लेने के बाद पहले 25 जनवरी से 5 फरवरी के बीच उमराह पर भेजने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में लगातार टालमटोल करता रहा। पीड़ितों ने मामले में संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) से शिकायत कर आरोपी टूर संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार लखनऊ सरोजनीनगर नीयर 32 वीं वाहिनी पीएससी कैम्पस निवासी पीड़ित निजामुद्दीन के अनुसार, वह अपने रिश्तेदारों के साथ उमराह-जियारत के लिए जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान मोहम्मद शाहजहां के माध्यम से कारी नसीम कौसर और मोहम्मद सुफियान से संपर्क हुआ। आरोप है कि उमराह पैकेज के नाम पर कुल 11 लोगों ने अलग-अलग रकम देकर 6,75,000 रुपये दिए।
बताया गया कि मोहम्मद सुफियान ने सभी लोगों को 25 जनवरी से 5 फरवरी के बीच उमराह यात्रा पर भेजने का आश्वासन दिया था। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी न तो यात्रा कराई गई और न ही पासपोर्ट, टिकट या वीजा की प्रक्रिया पूरी की गई।
पीड़ितों का कहना है कि मामले में पहले भी 15 दिसंबर 2025 को पुलिस महानिरीक्षक (लोक शिकायत) के समक्ष शिकायती पत्र दिया गया था। शिकायत पर हुई कार्रवाई के दौरान सुफियान ने कथित तौर पर सभी 11 लोगों को निर्धारित समय पर उमराह भेजने का भरोसा दिया था। इसके बावजूद 15 फरवरी 2026 तक न पासपोर्ट मांगे गए और न टिकट-वीजा उपलब्ध कराया गया।
छह परिवारों से ली गई रकम।
शिकायत के मुताबिक, निजामुद्दीन और अमीना खातून से 92 हजार रुपये, मोहम्मद आरिफ और जुमेरतुल से 92 हजार रुपये, माजिद अली और शकीला से 1.46 लाख रुपये, मोहम्मद शब्बीर और शखीरा बेगम से 1.46 लाख रुपये, सरफराज अहमद और कहकशा बानो से 1.28 लाख रुपये तथा मोहम्मद इदरीश से 71 हजार रुपये लिए गए। इस तरह कुल 6 लाख 75 हजार रुपये लेने का आरोप है।
एफआईआर और रकम वापसी की मांग।
पीड़ितों ने संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) से मामले में मोहम्मद सुफियान, कारी नसीम कौसर और मोहम्मद शाहजहां के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सभी 11 पीड़ितों की 6.75 लाख रुपये की रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। 
पुलिस अधिकारी के आदेश पर थाना सरोजनीनगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच और लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल कर रही है।।