सोमवार, 3 अगस्त 2026

सुल्तानपुर :गोमती किनारे भैंस चराने गए किसान पर गिरी आकाशीय बिजली,मौके पर मौत।||Sultanpur:Lightning struck a farmer grazing buffaloes on the banks of the Gomti River, killing him on the spot.||

शेयर करें:
सुल्तानपुर :
गोमती किनारे भैंस चराने गए किसान पर गिरी आकाशीय बिजली,मौके पर मौत।
◆दिव्यांग व अविवाहित किसान की दर्दनाक मौत से गांव में पसरा मातम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद के कुड़वार थाना क्षेत्र के भंडरा परशुरामपुर गांव के पास सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार : 
जानकारी के अनुसार थाना कुड़वार क्षेत्र भंडरा गांव पूरबपट्टी निवासी बजरंग सिंह उर्फ बग्गड़ (45) पुत्र सैमड़ सिंह सोमवार को पुरानी गोमती नदी के किनारे अपनी भैंस चराने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली सीधे उनके ऊपर आ गिरी ,आस-पास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने बताया कि बजरंग सिंह दिव्यांग थे और अविवाहित थे। वह पशुपालन और खेती-किसानी से अपना जीवनयापन करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही कुड़वार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली से हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। ग्रामीणों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, नदी किनारे और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।