मंगलवार, 4 अगस्त 2026

मऊ :खाद लेने पहुंचे किसान से पीसीएफ केंद्र पर मारपीट,चार पर केस दर्ज।।||Mau:Farmers who came to buy fertilizer were assaulted at the PCF center; a case was filed against four people.||

शेयर करें:
मऊ :
खाद लेने पहुंचे किसान से पीसीएफ केंद्र पर मारपीट,चार पर केस दर्ज।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र स्थित पीसीएफ खाद केंद्र पर खाद लेने पहुंचे एक किसान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के दौरान आरोपी मौके से भाग निकले, लेकिन जल्दबाजी में उनकी एक बुलेट मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छूट गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
विस्तार : 
पुलिस के अनुसार ग्राम मूंगमास निवासी रमाकान्त यादव सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे पीसीएफ खाद केंद्र, कोपागंज पर खाद लेने पहुंचे थे। आरोप है कि उसी दौरान राहुल यादव, रामविशाल यादव उर्फ छोटू तथा उनके दो अन्य साथी दो मोटरसाइकिलों से वहां पहुंचे और पीसीएफ परिसर के भीतर ही रमाकान्त यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। शोर-शराबा सुनकर मौके पर मौजूद अन्य किसानों और लोगों की भीड़ घटनास्थल की ओर दौड़ी। भीड़ को आता देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भागने की जल्दबाजी में आरोपियों की एक बुलेट मोटरसाइकिल वहीं छूट गई। सूचना मिलते ही कोपागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इसके बाद पीड़ित को थाने लाकर उसकी लिखित तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं खाद केंद्र पर हुई इस घटना से वहां मौजूद किसानों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।