सोमवार, 31 अगस्त 2026

मऊ :अवैध हूटर पर एक भी चालान नहीं होने पर डीएम नाराज,कसी नकेल।।||Mau:DM angry over not a single challan being issued for illegal hooter, no action taken.||

शेयर करें:
मऊ :
अवैध हूटर पर एक भी चालान नहीं होने पर डीएम नाराज,कसी नकेल।।
सड़क हादसों पर डीएम सख्त, ओवर स्पीडिंग पर लगेगी लगाम।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जिले में बढ़ते सड़क हादसों को लेकर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जुलाई माह के दुर्घटना आंकड़ों की समीक्षा के दौरान सामने आया कि पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष सड़क हादसों में करीब 81 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जुलाई 2025 में जहां 16 दुर्घटनाएं हुई थीं, वहीं जुलाई 2026 में यह संख्या बढ़कर 29 पहुंच गई। हादसों में मरने वालों की संख्या भी 8 से बढ़कर 10 हो गई। डीएम ने ओवरस्पीडिंग को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण मानते हुए यातायात पुलिस और परिवहन विभाग को सख्त प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
अवैध हूटर पर कार्रवाई नहीं, डीएम ने जताई नाराजगी
बैठक में यातायात नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई की समीक्षा में बताया गया कि जुलाई में 16,297 चालान किए गए। इनमें 9,383 बिना हेलमेट, 1,139 तीन सवारी, 1,912 पार्किंग उल्लंघन और 58 मोबाइल फोन के इस्तेमाल के मामले शामिल हैं। वहीं मॉडिफाई साइलेंसर के खिलाफ 100 और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ 51 चालान किए गए, लेकिन अवैध हूटर के विरुद्ध एक भी चालान नहीं हुआ। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अवैध हूटर के खिलाफ तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
‘नो हेलमेट-नो फ्यूल’ होगी प्रभावी
डीएम ने जिले में ‘नो हेलमेट-नो फ्यूल’ व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराने के निर्देश दिए। सभी पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक बुलाने के साथ ही सीसीटीवी के जरिए निगरानी करने को कहा गया है। बिना हेलमेट पेट्रोल देने वाले पंप संचालकों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ड्रंकन ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
ओडीआर मार्गों पर सबसे ज्यादा हादसे
समीक्षा में सामने आया कि ओडीआर मार्गों पर हादसों की संख्या सबसे अधिक रही। जुलाई 2025 में इन मार्गों पर 9 दुर्घटनाएं हुई थीं, जो जुलाई 2026 में बढ़कर 13 हो गईं। डीएम ने पिछले तीन-चार माह में हुए हादसों का स्थलवार अध्ययन कर दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित करने और वहां तत्काल सुधारात्मक कार्य कराने को कहा।
117 स्कूली वाहनों को नोटिस
स्कूली वाहनों की फिटनेस पर भी डीएम ने विशेष निगरानी के निर्देश दिए। जुलाई में 185 स्कूली वाहनों को फिटनेस प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि फिटनेस समाप्त हो चुके 117 वाहनों को नोटिस दिया गया। डीएम ने फिटनेस जांच अभियान लगातार चलाने के साथ अभियान के बाद भी रैंडम चेकिंग जारी रखने को कहा।
ब्लैक स्पॉट पर अधिकारी खुद करें निरीक्षण
जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर जरूरी कार्य तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए। एनएचएआई गोरखपुर और गाजीपुर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के ब्लैक स्पॉट का मौके पर स्वयं निरीक्षण कर कमियां दूर कराने को कहा। राष्ट्रीय राजमार्गों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने और सड़क सुरक्षा कार्यों की फोटो व जियो-टैगिंग सहित रिपोर्ट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
NHAI अधिकारी की गैरहाजिरी पर भी नाराजगी
बैठक में एनएचएआई गोरखपुर के परियोजना निदेशक के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। होल्डिंग एरिया के नोटिफिकेशन तथा वर्ष 2020-22 के बीच किसानों के मुआवजा स्वीकृति से जुड़े लंबित मामलों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। परियोजना निदेशक को अगले दिन स्वयं उपस्थित होकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया।
डीएम ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा गत माह नेत्र जांच कैंप नहीं लगाए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने नियमित नेत्र जांच शिविर आयोजित करने और निजी चिकित्सकों का सहयोग लेने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और मौतों में कमी लाना समिति की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करें और आमजन को यातायात नियमों के प्रति लगातार जागरूक किया जाए।