बुधवार, 12 अगस्त 2026

लखनऊ :फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरे की जमीन बेचने का आरोप,आरोपी गिरफ्तार।||Lucknow:Wanted accused arrested for allegedly selling someone else's land using forged documents.||

शेयर करें:
लखनऊ :
फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरे की जमीन बेचने का आरोप,आरोपी गिरफ्तार।
दो टूक : लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कूटरचित दस्तावेज तैयार कर दूसरे की जमीन को अपनी बताकर बेचने के मामले में मड़ियांव पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का फर्जी बैनामा तैयार करता था और खुद को भूमि का वास्तविक मालिक बताकर उसे बेचकर आर्थिक लाभ कमाता था।
विस्तार :
थाना मडियांव इस्पेक्टर शिवानन्द मिश्र के अनुसार 10 अक्टूबर 2024 को विमल चन्द्र जैन की ओर से डाक पैड के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनकी भूमि के संबंध में धोखाधड़ी और कूटरचना कर फर्जी बैनामा तैयार किया गया और आरोपियों ने खुद को जमीन का मालिक बताते हुए उसे बेचने का प्रयास किया।
शिकायत के आधार पर थाना मड़ियांव में मु0अ0सं0 624/2024 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 61(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।
मास्टरबाग ऑटो सेल्स से दबोचा
पुलिस ने मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी महेन्द्र प्रताप (29) पुत्र सुखदेव, निवासी ग्राम कनकपुर, पोस्ट दहावा, थाना रामपुर कलां, जनपद सीतापुर को 11 अगस्त 2026 की शाम करीब पांच बजे मास्टरबाग ऑटो सेल्स से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी वहीं व्यवसाय करता था। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
साथियों के साथ मिलकर करता था फर्जीवाड़ा।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार करता था। इसके बाद दूसरे व्यक्ति की भूमि को अपनी बताकर उसका फर्जी बैनामा तैयार कर बिक्री से आर्थिक लाभ लेने का प्रयास किया जाता था।
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों और जनपदों से जुटा रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।