लखनऊ :
गाड़ी में तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार,तीन नाबालिग संरक्षण में।
दो टूक : सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का पुलिस ने लिया तत्काल संज्ञान, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से हुई पहचान।
विस्तार :
लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में देर रात गाड़ी के शीशे तोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में शामिल तीन नाबालिगों को भी पुलिस ने संरक्षण में लेकर विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त की रात 5-6 लोगों द्वारा गाड़ी में तोड़फोड़ करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मोहनलालगंज पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मैनुअल जांच के आधार पर पुलिस टीम ने तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन पुत्र पप्पू यादव निवासी अर्जुनगंज, सचिन पुत्र पप्पू यादव निवासी सजनापुर तथा आदित्य उर्फ लकी पुत्र रामराज निवासी बरीना, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है। वहीं, तीन नाबालिगों को संरक्षण में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई और परिजनों को हिदायत देकर उनके सुपुर्द कर दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार के निर्देशन में, पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के पर्यवेक्षण तथा एसीपी मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक राम बाबू सिंह के नेतृत्व में की गई।
