रविवार, 30 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: शादी से इनकार पर प्रेमिका ने हिंडन में लगाई छलांग, बचाने को प्रेमी भी नदी में कूदा; युवती की तलाश जारी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: शादी से इनकार पर प्रेमिका ने हिंडन में लगाई छलांग, बचाने को प्रेमी भी नदी में कूदा; युवती की तलाश जारी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के कुलेसरा गांव में रविवार देर रात शादी को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवती ने हिंडन नदी में छलांग लगा दी। प्रेमिका को नदी में कूदता देख प्रेमी ने भी उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने प्रेमी को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन युवती का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम नदी में उसकी तलाश में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि राहुल और संजना के बीच काफी समय से संपर्क था। दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। रविवार देर रात इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद संजना कुलेसरा स्थित हिंडन नदी के पुल पर पहुंची और कथित तौर पर नदी में छलांग लगा दी।

संजना को नदी में छलांग लगाते देख राहुल भी उसे बचाने के लिए पीछे से नदी में कूद गया। घटना के बाद पुल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने प्रयास कर राहुल को नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन संजना नदी के तेज बहाव में लापता हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ईकोटेक-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और नदी में युवती की तलाश शुरू की। देर रात तक पुलिस और एनडीआरएफ की टीम युवती को तलाशती रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

पिता ने लगाया शादी को लेकर विवाद का आरोप

संजना के पिता के अनुसार, उनकी बेटी राहुल के संपर्क में थी और दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद संजना के हिंडन नदी में छलांग लगाने की बात सामने आई है।

फिलहाल पुलिस राहुल से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। वहीं एनडीआरएफ की टीम नदी में युवती की तलाश के लिए अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि युवती की तलाश के साथ-साथ मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है।