लखनऊ :
साइबर जालसाज ने गूगल पे खाते से 40 हजार रुपये किया पार।
दो टूक : लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने गूगल पे के माध्यम से फिनो पेमेंट बैंक के बचत खाते से बिना अनुमति 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित ने मामले की पुलिस से लिखित शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार :
पीड़ित राजकुमार के मुताबिक, उनकी पत्नी भारती कुशवाहा के नाम से फिनो पेमेंट बैंक में बचत खाता संचालित है, जो मोबाइल में गूगल पे से लिंक है। 12 अगस्त 2026 को अज्ञात व्यक्ति ने बिना जानकारी और अनुमति के खाते से कुल 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित के अनुसार यह लेनदेन उनके द्वारा नहीं किया गया।
घटना की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने 14 अगस्त को साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 33108260206431 है। इसके साथ ही साइबर सेल थाना हजरतगंज में भी शिकायत की गई, जहां से CCNNO-2990 प्राप्त हुआ।
पीड़ित ने पुलिस को गूगल पे लेनदेन के स्क्रीनशॉट और साइबर सेल में की गई शिकायत से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं। प्रार्थना पत्र में अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने तथा खाते से निकाली गई 40 हजार रुपये की धनराशि वापस कराने की मांग की गई है।
पुलिस ने प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम लेनदेन से जुड़े विवरण के आधार पर रकम के ट्रांसफर की कड़ी और संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।
