मऊ :
संपूर्ण समाधान दिवस में 85 शिकायतें, छह का मौके पर निस्तारण।
◆डीएम आनंद वर्द्धन ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के तहसील मोहम्मदाबाद गोहना में सोमवार को जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 85 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि 4 शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजा गया।
प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 52 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे, जबकि 18 शिकायतें पुलिस विभाग से जुड़ी थीं। शेष शिकायतें अन्य विभागों से संबंधित थीं।
लंबे समय से लंबित खतौनी की समस्या का मौके पर समाधान
जनसुनवाई के दौरान ग्राम ओटनी निवासी संजय राम पुत्र सोचन राम ने बताया कि उनकी माता की मृत्यु के बाद वरासत में उनका नाम दर्ज हो चुका था, लेकिन मूल खाते में अभी तक नाम दर्ज नहीं किया गया था। इसी प्रकार ग्राम खुर्द कर्मी, थाना चिरैयाकोट निवासी राम मूरत पुत्र अच्छोवर ने भी तहसीलदार के वर्ष 2024 के आदेश के बावजूद खाते में नाम दर्ज नहीं होने की शिकायत की।
जिलाधिकारी ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश के बाद दोनों शिकायतकर्ताओं के नाम मूल खाते में दर्ज कराए गए तथा उन्हें अद्यतन खतौनी के प्रमाण पत्र मौके पर ही उपलब्ध कराए गए। लंबे समय से लंबित समस्या का तत्काल समाधान होने पर दोनों शिकायतकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी के प्रति आभार जताया।
लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का तथ्यात्मक परीक्षण कर समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा खानापूर्ति पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आमजन को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, उप जिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
