रविवार, 30 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: पिता का एक मुक्का पड़ा भारी! 5 साल के मासूम की मौत, मां के आरोप पर आरोपी हिरासत में!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पिता का एक मुक्का पड़ा भारी! 5 साल के मासूम की मौत, मां के आरोप पर आरोपी हिरासत में!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा के ममूरा गांव की दिल दहला देने वाली घटना, कहासुनी के दौरान बच्चे की कमर में मुक्का मारने का आरोप

दो टूक//नोएडा। थाना फेस-3 क्षेत्र के ममूरा गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पांच वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक बच्चे की मां ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि कहासुनी के दौरान उसने मासूम की कमर में जोरदार मुक्का मार दिया, जिससे बच्चा बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बच्चे की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

कहासुनी के दौरान बच्चे को मारा मुक्का

पुलिस के अनुसार पूछताछ में मृतक बच्चे की मां ने बताया कि उसके पति विकास ने कहासुनी के दौरान अपने पांच वर्षीय बेटे की कमर में जोरदार मुक्का मार दिया। मुक्का लगने के बाद बच्चा अचानक बेसुध होकर गिर पड़ा। मासूम की हालत देखकर मां घबरा गई और उसे तत्काल पास के अस्पताल लेकर पहुंची।

अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे की जांच की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। चिकित्सकों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

डायल-112 पर मिली पुलिस को सूचना

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपने बेटे को मुक्का मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही थाना फेस-3 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।

शाहजहांपुर का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के अनुसार आरोपी पिता की पहचान विकास पुत्र जय बेसन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के बड़ा बम्हौरा गांव का रहने वाला बताया गया है। वर्तमान में वह नोएडा के ममूरा गांव में रह रहा था।

आरोपी पिता हिरासत में, जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना फेस-3 पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मासूम की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पांच वर्षीय मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में भी शोक और सनसनी का माहौल है।