रविवार, 30 अगस्त 2026

लखनऊ :आशियाना में नींव पूजन के साथ शुरू हुआ 35 फुट ऊंचे मानस्तंभ का निर्माण।।||Lucknow:Construction of a 35-foot-high pillar began with the foundation stone laying ceremony at Aashiyana.||

शेयर करें:
लखनऊ :
आशियाना में नींव पूजन के साथ शुरू हुआ 35 फुट ऊंचे मानस्तंभ का निर्माण।।
नवंबर में होगा भव्य प्राण-प्रतिष्ठा एवं प्रतिष्ठा महोत्सव।
दो टूक : लखनऊ के आशियाना स्थित दिगंबर जैन मंदिर परिसर में रविवार को अहंकार के मर्दन, विनय, नम्रता और समर्पण का संदेश देने वाले 35 फुट ऊंचे मानस्तंभ के निर्माण कार्य का विधिविधान से शुभारंभ हुआ। मुनि उपाध्याय 108 श्री विहसंत सागर जी महाराज के सानिध्य में भूमि एवं नींव पूजन कराया गया। दमोह से आए प्रतिष्ठाचार्य आशीष जैन ने मंत्रोच्चारण के साथ धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं।
मानस्तंभ में जैन धर्म के 24 तीर्थंकर भगवंतों की आगमसम्मत प्रतिमाएं चारों दिशाओं में स्थापित की जाएंगी। मुख्य पुण्यार्जक परिवार चंद्र प्रकाश जैन, मनोज जैन-आभा जैन, मनोज-समता जैन एवं अभय शाह जैन ने बताया कि मानस्तंभ का निर्माण मकराना से आए कुशल कारीगरों द्वारा सफेद संगमरमर से किया जाएगा।
करीब 12 फुट व्यास और 35 फुट ऊंचे मानस्तंभ को लगभग दो माह में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्षायोग के समापन के बाद नवंबर 2026 में भव्य प्राण-प्रतिष्ठा एवं प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर उपाध्याय श्री विहसंत सागर जी महाराज ने कहा कि मंदिर का पूर्ण विकास तभी माना जाता है, जब शिखर के साथ परिसर में मान का मर्दन करने वाला मानस्तंभ भी स्थापित हो। उन्होंने कहा कि मानस्तंभ मनुष्य को अहंकार त्यागकर विनय, नम्रता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।