मऊ :
शराब के नशे में व्यक्ति ने चाकू से खुद का गला काटा,हालत नाजुक।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती चल रहा इलाज।।
।।देवेन्द्र कुमार।।
दो टूक : मऊ जनपद दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के भरहु का पूरा मोहल्ले में बुधवार दोपहर एक व्यक्ति ने कथित रूप से शराब के नशे में अपने गले पर चाकू से वार कर लिया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार भरहु का पूरा निवासी काजू सोनकर (40 वर्ष), पुत्र कुमार सोनकर शराब का सेवन करने का आदी बताया जाता है। बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह घर में अकेला था। इसी दौरान उसने कथित रूप से नशे की हालत में चाकू से अपने गले पर वार कर लिया।
घटना के समय उसकी पत्नी घर पर नहीं थी। वह फल बेचने बाहर गई हुई थी। घर लौटने पर उसने पति को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा। इसके बाद उसने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल को जिला अस्पताल भिजवाया।
जिला अस्पताल में चिकित्सक डॉ. एस. के. नितिन की देखरेख में घायल का इलाज जारी है। पत्नी ने बताया कि जब वह घर लौटी तो पति घायल अवस्था में पड़े मिले, जिसके बाद पड़ोसियों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। घायल की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
