गौतमबुद्धनगर: दहेज हत्या मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पति और सास गिरफ्तार, सिरसा गोलचक्कर से दबोचे गए दोनों आरोपी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। थाना कासना क्षेत्र में विवाहिता की कथित दहेज हत्या के मामले में गौतमबुद्धनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मृतका के पति और सास को सिरसा गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को पीड़िता के भाई ने थाना कासना में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी लगभग 25 वर्षीय बहन तनु को ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और इसी प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या कर दी गई। शिकायत के आधार पर थाना कासना पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया।
जांच के दौरान पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर बुधवार, 29 जुलाई 2026 को कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित दो आरोपियों को सिरसा गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अमित भाटी, पुत्र स्वर्गीय जगन भाटी उर्फ जगन्नाथ, निवासी ग्राम घंघौला, थाना कासना, गौतमबुद्धनगर तथा उसकी मां किरशन, पत्नी स्वर्गीय जगन भाटी उर्फ जगन्नाथ, निवासी ग्राम घंघौला, थाना कासना, गौतमबुद्धनगर शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमा संख्या 150/2026 में बीएनएस की धारा 80/85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दहेज उत्पीड़न और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई जारी रहेगी।
