बुधवार, 29 जुलाई 2026

लखनऊ : उधार के रुपये न लौटाने और प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने की थी आत्महत्या, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी को पुलिस ने दबोचा।||Lucknow: A young man committed suicide after being harassed and refused to return his borrowed money. The police arrested the accused who instigated the suicide.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
उधार के रुपये न लौटाने और प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने की थी आत्महत्या, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी को पुलिस ने दबोचा।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना पुलिस टीम ने आत्महत्या के लिए उकसाने के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर मृतक को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और उधार लिए गए रुपये वापस न करने का आरोप है, जिससे परेशान होकर युवक ने आत्महत्या कर ली थी। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
विस्तार : 
थाना बिजनौर इंस्पेक्टर कपिल गौतम के अनुसार 11 मार्च 2026 को न्यू गुडौरा, सेक्टर-ओ, मानसरोवर योजना निवासी सीमा यादव ने थाना बिजनौर में तहरीर देकर बताया था कि उनके पति विजय कुमार यादव ने कुछ लोगों को रुपये उधार दिए थे। जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने रकम लौटाने के बजाय उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। प्रताड़ना से परेशान होकर विजय कुमार यादव ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में थाना बिजनौर पर मुकदमा अपराध संख्या 70/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल जांच और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी सुमित रावत पुत्र जयप्रकाश, निवासी सुबेदार खेड़ा, थाना बंथरा (वर्तमान पता बदालीखेड़ा, थाना सरोजनीनगर) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र लगभग 20 वर्ष बताई गई है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में पहले से भी दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं वर्तमान मामले में उसके खिलाफ थाना बिजनौर में धारा 108 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार, महिला उपनिरीक्षक निर्देश राजपूत तथा कांस्टेबल अरुण कुमार शामिल रहे।