लखनऊ :
बालिका विद्यालय में संचारी रोगों पर जागरूकता संवाद।
छात्राओं ने पोस्टर, स्लोगन और निबंध प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज, मोती नगर में गुरुवार को होप इनीशिएटिव संस्था के सहयोग से "संचारी रोग : बचाव, नियंत्रण एवं प्रभावी उपाय" विषय पर जागरूकता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को संचारी रोगों के प्रति जागरूक बनाना, स्वच्छता के प्रति वैज्ञानिक सोच विकसित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
विस्तार :
संचारी रोग संवाद जागरूकता
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. लीना मिश्र ने होप इनीशिएटिव संस्था की सीनियर मैनेजर एवं डाइटिशियन आयुषी शुक्ला तथा सीनियर मैनेजर बिंदु त्रिपाठी का स्वागत कर किया। शिक्षिकाओं उत्तरा सिंह एवं रागिनी यादव के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने छात्राओं को संचारी रोगों के कारण, लक्षण, बचाव, समय पर उपचार तथा रोकथाम के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल, हाथों की नियमित सफाई, साफ-सुथरे वातावरण और समय पर टीकाकरण को रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।
जागरूकता अभियान के तहत पोस्टर, स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 9 की वैष्णवी शर्मा प्रथम, इल्मा खान द्वितीय तथा कक्षा 8 की अर्चना तृतीय स्थान पर रहीं। निबंध प्रतियोगिता में तन्वी यादव का निबंध सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। स्लोगन प्रतियोगिता में कक्षा 9 की आयशा शर्मा प्रथम और कक्षा 6 की दिव्यांशी देवी द्वितीय स्थान पर रहीं।
विजेता छात्राओं को होप इनीशिएटिव संस्था की ओर से मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि विद्यालय की ओर से सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पेन वितरित किए गए।
प्रधानाचार्य डॉ. लीना मिश्र ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है। विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने होप इनीशिएटिव संस्था का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में शिक्षिकाएँ पूनम यादव एवं माधवी सिंह सहित विद्यालय की सभी छात्राएँ उपस्थित रहीं। समापन पर छात्राओं ने स्वास्थ्य, स्वच्छता और जन-जागरूकता का संदेश समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
