शुक्रवार, 31 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बेखौफ चोरों का कहर: मुथूट फाइनेंस के बाहर लगा AC उखाड़ ले गए, CCTV में कैद हुई वारदात!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बेखौफ चोरों का कहर: मुथूट फाइनेंस के बाहर लगा AC उखाड़ ले गए, CCTV में कैद हुई वारदात!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला थाना फेस-2 क्षेत्र के सेक्टर-82 का है, जहां मुथूट फाइनेंस की शाखा के बाहर लगा एयर कंडीशनर (AC) शातिर चोरों ने रात के अंधेरे में चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी और भारी-भरकम मशीन को चोर आराम से उखाड़कर ले गए और किसी को भनक तक नहीं लगी। चोरी की यह पूरी वारदात शाखा के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेक्टर-82 स्थित मुथूट फाइनेंस की शाखा के बाहर लगा एयर कंडीशनर बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से चोरी किया। सीसीटीवी फुटेज में चोर बड़ी बेफिक्री के साथ वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज से साफ है कि बदमाशों को पुलिस का कोई डर नहीं था और उन्होंने पूरी तैयारी के साथ घटना को अंजाम दिया।

घटना सामने आने के बाद बैंक प्रबंधन में हड़कंप मच गया। शाखा अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना फेस-2 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। उनका आरोप है कि यदि रात्रि गश्त और पुलिस पेट्रोलिंग प्रभावी होती तो बैंक के बाहर से इस तरह एयर कंडीशनर जैसी भारी मशीन चोरी करना आसान नहीं होता।

इस घटना ने एक बार फिर नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रिकालीन गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बैंक जैसी महत्वपूर्ण संस्था के बाहर से खुलेआम एयर कंडीशनर चोरी हो जाना अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को दर्शाता है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी हुई है और दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी।