शुक्रवार, 31 जुलाई 2026

जंतर-मंतर FIR पर सियासत तेज: कॉकरोच जनता पार्टी ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, युवती को राहत देने की मांग!!

शेयर करें:

जंतर-मंतर FIR पर सियासत तेज: कॉकरोच जनता पार्टी ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, युवती को राहत देने की मांग!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नई दिल्ली/नोएडा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में नोएडा की एक युवती के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे युवाओं को निशाना बनाने की कोशिश बताया है।

सौरव दास ने जारी बयान में कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अभद्र या अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं माना जा सकता और इसकी आलोचना की जा सकती है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि केवल ऐसे मामलों में आपराधिक न्याय प्रणाली का इस्तेमाल कर युवाओं को निशाना बनाना लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा अपशब्दों का इस्तेमाल किया जाता है तो उसकी निंदा हो सकती है, लेकिन हर मामले में पुलिस और आपराधिक कानून का सहारा लेना उचित नहीं है। उनका कहना था कि देश में कई गंभीर आपराधिक मामलों का सामना कर रहे जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई लंबित है, जबकि इस तरह के मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर युवाओं को परेशान किया जा रहा है।

कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य एक युवती को उदाहरण बनाकर डर का माहौल पैदा करना है। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि युवाओं को निशाना बनाना बंद किया जाए और संबंधित युवती के खिलाफ की गई कार्रवाई पर पुनर्विचार किया जाए।

गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के आरोप में नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में युवती के खिलाफ 'जीरो एफआईआर' दर्ज की गई थी। यह मामला सामने आने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर लगातार जारी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।।