बुधवार, 29 जुलाई 2026

मऊ : सड़क हादसों में 110% बढ़ी मौतें, प्रशासन ने जताई चिंता।।||Mau: Deaths in road accidents have increased by 110%, and the administration has expressed concern.||

शेयर करें:
मऊ : 
सड़क हादसों में 110% बढ़ी मौतें, प्रशासन ने जताई चिंता।।
●जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाएं रोकने के लिए दिए गए सख्त निर्देश।
।।देवेन्द्र कुमार।।
दो टूक : मऊ कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि जून 2025 में जिले में 28 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जबकि जून 2026 में यह संख्या बढ़कर 32 हो गई, जो 14.28 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। वहीं सड़क हादसों में मृतकों की संख्या 10 से बढ़कर 21 हो गई, यानी 110 प्रतिशत की चिंताजनक बढ़ोतरी दर्ज की गई।
परिवहन विभाग द्वारा जून 2026 में चलाए गए विशेष अभियान के तहत ओवर स्पीडिंग में 4, बिना हेलमेट 371, बिना सीट बेल्ट 101, रॉन्ग साइड 75, नशे में वाहन चलाने पर 16, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने पर 32 तथा ओवरलोडिंग करने वाले 29 माल वाहनों का चालान किया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) स्थलों पर सुधारात्मक कार्य तेज करने, सड़क संकेतक, रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर एवं चेतावनी बोर्ड लगाने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमित प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित विभागों को विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करें।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।