‘सांप-सीढ़ी’ के लालच से बचें, समझदारी से करें निवेश: साइबर ठगी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर पुलिस का बड़ा जागरूकता अभियान!!
दो टूक//नोएडा। ऑनलाइन निवेश के नाम पर तेजी से बढ़ रही साइबर ठगी पर रोक लगाने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने ‘सांप-सीढ़ी’ के लालच से बचें, समझदारी से करें निवेश: साइबर ठगी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर पुलिस का बड़ा जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत एक विशेष जन-जागरूकता वीडियो जारी किया गया है, जिसमें सांप-सीढ़ी के लोकप्रिय खेल के माध्यम से लोगों को यह समझाया गया है कि अधिक मुनाफे के लालच में बिना जांच-पड़ताल के किया गया निवेश किस प्रकार आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है।
पुलिस द्वारा जारी वीडियो में बताया गया है कि जिस प्रकार सांप-सीढ़ी के खेल में एक गलत चाल खिलाड़ी को ऊंचाई से नीचे गिरा देती है, उसी प्रकार जल्द अमीर बनने की चाह में फर्जी निवेश योजनाओं पर भरोसा करना व्यक्ति की जीवनभर की जमा-पूंजी को खतरे में डाल सकता है। इसलिए किसी भी निवेश से पहले उसकी वैधता और विश्वसनीयता की पूरी जांच करना आवश्यक है।
कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार साइबर अपराधी सोशल मीडिया, फर्जी ट्रेडिंग एप, नकली निवेश प्लेटफॉर्म, टेलीग्राम एवं व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लोगों को कम समय में कई गुना मुनाफे का लालच देते हैं। शुरुआत में छोटे-छोटे लाभ दिखाकर लोगों का विश्वास जीता जाता है और बाद में बड़ी रकम निवेश कराने के बाद उनका पैसा हड़प लिया जाता है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कम समय में अत्यधिक और सुनिश्चित मुनाफे का दावा करने वाली किसी भी निवेश योजना से सतर्क रहें। किसी भी निवेश प्लेटफॉर्म या कंपनी की वैधता की पुष्टि किए बिना धनराशि निवेश न करें। केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय वित्तीय संस्थानों से मान्यता प्राप्त प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। सोशल मीडिया, टेलीग्राम या व्हाट्सएप पर मिलने वाले निवेश संबंधी सुझावों पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। साथ ही किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंकिंग विवरण अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें और स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करने से बचें।
यदि कोई व्यक्ति साइबर निवेश ठगी का शिकार हो जाता है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराए। समय रहते शिकायत करने से ठगी गई धनराशि सुरक्षित कराए जाने की संभावना बढ़ जाती है।
साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम और यूट्यूब चैनलों का भी शुभारंभ किया है। इन प्लेटफॉर्मों के माध्यम से साइबर अपराध के नए तरीकों, ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव नियमित रूप से साझा किए जाएंगे। पुलिस ने आमजन से इन आधिकारिक चैनलों से जुड़ने तथा अपने परिवार और परिचितों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस का संदेश स्पष्ट है— "निवेश में शॉर्टकट नहीं, समझदारी चुनें। लालच की सीढ़ी अक्सर साइबर ठगी के सांप तक पहुंचाती है।" इसलिए सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और किसी भी निवेश से पहले पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
