रविवार, 31 मई 2026

मऊ :बी.एड. संयुक्त प्रवेश परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस रही मुस्तैद, डी एम और एसपी ने किया निरीक्षण।||Mau:Police remained vigilant at the B.Ed. Joint Entrance Examination centers, and the District Magistrate and Superintendent of Police conducted inspections.||

शेयर करें:
मऊ :
बी.एड. संयुक्त प्रवेश परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस रही मुस्तैद, डी एम और एसपी ने किया निरीक्षण।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद में आयोजित बी.एड. संयुक्त प्रवेश परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।वहीं परीक्षा केन्द्रों पर जिला प्रशासन की मुस्तैदी दिखाई दी।
विस्तार : 
रविवार को आयोजित बी.एड. संयुक्त प्रवेश परीक्षा की सुचिता को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद रहा। सुरक्षा ब्यवस्था लेकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर जायजा लिया।
 इन परीक्षा केंद्रों में डीएवी इंटर कालेज, डीएवी गर्ल्स इंटर कॉलेज,सहित कई अन्य परीक्षा केंद्र शामिल है निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की चेकिंग, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व सभी अभ्यर्थियों की निर्धारित मानकों के अनुरूप सघन जांच सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनधिकृत सामग्री परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति न दी जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाए तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित अभ्यर्थियों से भी संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर,अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार,संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी संग पुलिस अधीक्षक।