मऊ :
प्रशासन की मुस्तैदी से बकरीद पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ संपन्न।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद में बकरीद पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ। जनपद की समस्त मस्जिदों एवं ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय द्वारा अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। पर्व के दौरान कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहा।
जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन एवं पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर द्वारा जनपद के विभिन्न मस्जिदों, ईदगाहों तथा संवेदनशील स्थलों का लगातार भ्रमण कर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन द्वारा पर्व को सकुशल संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद के समस्त संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था तथा सोशल मीडिया एवं अन्य गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई। उन्होंने जनपदवासियों से आपसी भाईचारा एवं शांति बनाए रखने की अपील की।
पर्व के दौरान नगर निकायों द्वारा साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
